
कांधला में 25 लाख रुपये की स्मैक बरामद, गश्त के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ा युवक
कांधला, शामली। कांधला में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 153 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करने और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में कांधला कस्बा चौकी इंचार्ज सचिन त्यागी अपनी टीम के साथ गांव भारसी मार्ग पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सड़क किनारे एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में खड़ा दिखाई दिया।
पुलिस टीम ने युवक से पूछताछ की, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। इसके बाद पुलिस उसे हिरासत में लेकर थाने पहुंची। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 153 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस के मुताबिक, बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये है।
पूछताछ में आरोपी की पहचान सादिक उर्फ सादा निवासी सलेमपुर रोड, कस्बा कांधला के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की और उसे जेल भेज दिया।