
मां-बेटी पर हमला, लाठी-डंडों और बेल्ट से पीटने का आरोप, दोनों घायल
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे के बिजली घर मार्ग पर मां-बेटी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पड़ोसी परिवार पर लाठी-डंडों और बेल्ट से हमला कर घायल करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद पीड़ित मां-बेटी ने मेडिकल जांच कराई और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता शहीदा के अनुसार, उनके पड़ोसी ने अपनी पत्नी और दो बेटियों के साथ मिलकर उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान उनके साथ लाठी-डंडों और बेल्ट का इस्तेमाल किया गया। मां के साथ मारपीट होते देख उनकी बेटी अरीबीना बीच-बचाव करने पहुंची, तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी।घटना में मां-बेटी दोनों घायल हो गईं। इसके बाद उन्होंने मेडिकल जांच कराई और कांधला थाने पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी। पीड़ित पक्ष ने मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
इस संबंध में कांधला थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।