
अपर आयुक्त का औचक निरीक्षण, अभिलेख कक्ष में अव्यवस्था पर जताई नाराज़गी
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। शुक्रवार को अपर आयुक्त भानु प्रताप यादव ने कांधला नगर पालिका परिषद का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिशासी अधिकारी पूर्णिमा सिंह के साथ पालिका के विभिन्न विभागों का जायजा लिया, जिससे पूरे कार्यालय में प्रशासनिक हलचल तेज हो गई।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त ने सबसे पहले अभिलेख कक्ष का निरीक्षण किया। यहां फाइलों और दस्तावेजों के रखरखाव की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। अभिलेखों के रख-रखाव में लापरवाही और अव्यवस्था देखकर उन्होंने नाराज़गी जताई और संबंधित कर्मचारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होंने नगर पालिका में लंबित संपत्ति नामांतरण के मामलों को भी गंभीरता से लिया। उन्होंने पाया कि कई नामांतरण प्रक्रियाएं लंबित हैं, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर अधिकारियों को जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ जल्द समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
वहीं जन्म और मृत्यु पंजीकरण कक्ष का निरीक्षण करने पर वहां की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। विभाग की कार्यप्रणाली से संतुष्ट होकर उन्होंने कर्मचारियों को इसी तरह नियमित रूप से कार्य करते रहने की सलाह दी।
अपर आयुक्त भानु प्रताप यादव ने नगर पालिका क्षेत्र में पारदर्शिता और विकास को बढ़ावा देने के लिए लागू की गई स्वकर प्रणाली (सेल्फ असेसमेंट टैक्स सिस्टम) की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस प्रणाली के तहत नागरिक स्वयं अपने कर का निर्धारण कर सकते हैं, जिससे राजस्व संग्रह में सुधार होगा और विकास कार्यों को गति मिलेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि टैक्स स्लैब को लेकर आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक वार्ड में विशेष कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इन कार्यशालाओं के माध्यम से नागरिकों को स्वकर प्रणाली के लाभ और कर निर्धारण की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
अपर आयुक्त ने बताया कि शासन के निर्देश पर प्रत्येक नगर पालिका और नगर पंचायत का दौरा किया जा रहा है। इसी क्रम में कांधला नगर पालिका परिषद का निरीक्षण किया गया और निरीक्षण के दौरान पाई गई कमियों को दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए