
प्लॉट पर खड़ी कार के शीशे ईंट मारकर तोड़े, न्याय की गुहार
कांधला
कस्बे के मोहल्ला शेखजादगान में प्लॉट पर खड़ी कार के शीशे तोड़ने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देने का आरोप लगाते हुए पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित का कहना है कि घटना से उसे आर्थिक नुकसान के साथ मानसिक परेशानी भी उठानी पड़ रही है। कस्बे के मोहल्ला शेखजादगान निवासी जितेंद्र चौहान पुत्र सुरेश कुमार ने थाना प्रभारी निरीक्षक को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसने अपने प्लॉट पर अपनी होंडा इमेज कार (नंबर UP16 BK 4855) खड़ी की हुई थी। आरोप है कि 24 अक्टूबर की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच रंजिश के चलते दीपक जैन पुत्र सुरेश जैन ने अपने पुत्र राहुल जैन के साथ मिलकर उसकी कार के शीशों पर ईंट मार दी। इससे कार के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए और उसे आर्थिक नुकसान हुआ। पीड़ित के अनुसार, घटना के बाद से वह मानसिक रूप से भी परेशान है। उसने बताया कि संबंधित गली में दो-तीन मकानों पर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। ऐसे में घटना के समय की फुटेज की जांच कराकर मामले की सच्चाई सामने लाई जा सकती है। पीड़ित ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने और आरोपितों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने की मांग की है। पीड़ित जितेंद्र चौहान ने अपने शिकायती पत्र में प्लॉट को लेकर चल रहे विवाद का भी उल्लेख किया है। उनका आरोप है कि उक्त प्लॉट के संबंध में न्यायालय सिविल जज (सीनियर डिवीजन), कैराना में वाद संख्या 68/2026 दीपक जैन बनाम अरशद तनवीर आदि के नाम से विचाराधीन है। पीड़ित का आरोप है कि इस मामले को लेकर अधिकारियों को गुमराह करने के उद्देश्य से गलत शिकायती पत्र दिए गए हैं। पीड़ित ने थाना प्रभारी से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच कराने, सीसीटीवी फुटेज खंगालने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि उसे न्याय मिल सके।