डेढ़ साल के कृष्णा को गायब करने का आरोप, बच्चे की तलाश में दर-दर भटक रही मां

 

* बच्चे की तलाश में भटक रही मां ने पुलिस से लगाई गुहार, शिकायत मिलने पर जांच का आश्वासन

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला, थाना क्षेत्र के कस्बा एलम के हरि नगर निवासी एक महिला ने सहारनपुर निवासी दूसरी महिला पर धोखाधड़ी कर उसके डेढ़ साल के बच्चे को गायब करने और मारपीट करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि काम दिलाने का लालच देकर उसे अपने साथ ले जाया गया और बाद में उसके बच्चे कृष्णा को गायब कर दिया गया। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर बच्चे को सकुशल बरामद कराने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।पीड़िता पूजा के अनुसार, सहारनपुर निवासी एक महिला उसे काम दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गई थी। आरोप है कि वहां उससे स्टांप पेपर पर हस्ताक्षर कराए गए। इसके बाद उसके डेढ़ साल के बच्चे कृष्णा को गायब कर दिया गया। महिला का कहना है कि बच्चे के गायब होने के बाद से ही वह उसे तलाशने के लिए परेशान है और अपने जिगर के टुकड़े को वापस पाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।पीड़िता ने आरोप लगाया कि मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर वह लंबे समय से पुलिस के चक्कर काट रही है, लेकिन अभी तक उसे न्याय नहीं मिल पाया है। बच्चे की तलाश में परेशान मां ने पुलिस अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने और उसके बच्चे को जल्द से जल्द सकुशल बरामद कराने की गुहार लगाई है।: इस संबंध में कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!