
रामलीला मेला देखकर लौट रहे दो सगे भाइयों की बाइक हादसे का शिकार, एक की हालत नाजुक
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला क्षेत्र के भारसी मोड़ के पास सड़क पर अचानक आए अज्ञात जानवर को बचाने के प्रयास में बाइक सवार दो सगे भाई हादसे का शिकार हो गए। दोनों भाई बाइक से अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां एक युवक की हालत नाजुक देखते हुए उसे शामली जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, कस्बा एलम निवासी शमशेर के पुत्र शाहरुख और सावेज कांधला में आयोजित रामलीला मेला देखकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही दोनों भारसी मोड़ के पास पहुंचे, तभी सड़क पर अचानक एक अज्ञात जानवर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके से गुजर रहे राहगीरों ने घायलों की मदद की और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलने पर एंबुलेंस चालक दिलशाद मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने दोनों का उपचार शुरू किया। शाहरुख की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद शामली जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जबकि सावेज का उपचार कांधला सीएचसी में किया गया।उधर, हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाते हुए जांच-पड़ताल शुरू कर दी।