बुलेट की जिद में दहेज लोभियों ने विवाहिता पर ढाया कथित सितम, मारपीट कर घर से निकाला

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला दहेज की लालच में एक विवाहिता को कथित तौर पर प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बुलेट बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल पक्ष के लोगों ने विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। इतना ही नहीं, पीड़िता ने अपने पति पर फोन करके तीन तलाक देने का भी आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के बाद मामला चर्चा में है। विवाहिता ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।थाना क्षेत्र के गांव नाला निवासी इरफाना की शादी करीब दो साल पहले कस्बा कांधला निवासी एक युवक के साथ हुई थी। पीड़िता के मुताबिक, शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ ठीक रहा, लेकिन कुछ समय बाद ही ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज को लेकर ताने मारने शुरू कर दिए। आरोप है कि धीरे-धीरे उत्पीड़न बढ़ता गया और शादी के बाद बच्ची के जन्म पर बुलेट बाइक की मांग की जाने लगी।

पीड़िता का आरोप है कि बुलेट की मांग पूरी नहीं होने पर पति और ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट की और उसे घर से निकाल दिया। इसके बाद से वह अपने मायके में रह रही है। आरोप है कि इसी दौरान पति ने फोन कर उसे तीन तलाक बोल दिया।ससुराल पक्ष के कथित उत्पीड़न से परेशान विवाहिता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने तहरीर देकर पूरे मामले की जांच कराने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!