
UPSC में आस्था जैन की सफलता पर सपा नेता ने किया परिवार का सम्मान
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे की बेटी आस्था जैन ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया टॉप-10 में स्थान प्राप्त कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे कांधला क्षेत्र का नाम रोशन कर दिया है। आस्था की इस शानदार उपलब्धि के बाद कस्बे में खुशी और गर्व का माहौल है। उनके पिता अजय जैन के प्रतिष्ठान पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है और लोग परिवार को इस ऐतिहासिक सफलता पर शुभकामनाएं दे रहे हैं।
शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के नेता अखिल राजेश्वर बंसल के नेतृत्व में कई गणमान्य नागरिक आस्था जैन के पिता अजय जैन के प्रतिष्ठान पर पहुंचे। इस दौरान रोहित गुप्ता, मेहरचंद सिंघल, अमन मित्तल और पवन कंसल सहित कई लोगों ने आस्था की माता ममता जैन और पिता अजय जैन से मुलाकात कर उन्हें इस बड़ी उपलब्धि के लिए बधाई दी और आस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि आस्था जैन की सफलता पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि छोटे कस्बे से निकलकर देश की सबसे कठिन मानी जाने वाली परीक्षा में शीर्ष स्थान हासिल करना आसान नहीं होता, लेकिन आस्था ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर यह कर दिखाया है।
सपा नेता अखिल राजेश्वर बंसल ने कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है कि कांधला जैसे कस्बे की बेटी ने देश स्तर पर टॉप-10 में जगह बनाई है। उन्होंने कहा कि आस्था की सफलता आने वाली पीढ़ियों के लिए एक प्रेरणा बनेगी और यह संदेश देगी कि अगर लगन और मेहनत हो तो छोटे शहर से भी बड़े सपने पूरे किए जा सकते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि आस्था की उपलब्धि से ग्रामीण परिवेश में रहने वाले माता-पिता अपनी बेटियों को पढ़ाने के लिए और अधिक प्रेरित होंगे। वहीं बेटियां भी शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन करने का प्रयास करेंगी।
इस मौके पर संजय मित्तल, हंस जैन, ईश्वर दयाल कंसल, जोनी शर्मा और श्रीकांत जैन सहित दर्जनों क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने आस्था की सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि आस्था ने पूरे कांधला क्षेत्र का सिर गर्व से ऊंचा कर दिया है।