IMG-20250527-WA0025

 

कैराना से आगरा के लिए दूसरी बस सेवा शुरू, सामाजिक संगठन के लगातार प्रयासों से मिली सफलता!

सुबह 11 बजे कैराना से रवाना होगी बस, शामली-मेरठ-अलीगढ़ होते हुए आगरा पहुंचेगी!

लखनऊ के लिए भी जल्द शुरू होगी नियमित बस सेवा, यात्रियों को मिलेगी सुविधा!

कैराना। उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपीएसआरटीसी) ने कैराना से आगरा के लिए दूसरी बस सेवा शुरू कर दी है। यह सेवा “निरन्तर तत्पर सामाजिक संगठन” के लगातार प्रयासों के बाद शुरू हुई है, जिससे क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।

वर्ष 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले मेरठ डिपो ने कैराना से आगरा और लखनऊ के लिए बसों का ट्रायल शुरू किया था। हालांकि, ये बसें कैराना से तो रवाना हुईं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। संगठन ने बार-बार इन बसों को पुनः शुरू करने की मांग की, लेकिन विभाग ने “यात्री न मिलने” का कारण बताकर सेवा बंद कर दी।

12 दिसंबर 2024 को संगठन के पदाधिकारियों ने मेरठ के क्षेत्रीय प्रबंधक से मुलाकात कर समस्या से अवगत कराया। हालांकि, प्रयागराज में महाकुंभ के कारण बसों का संचालन शुरू नहीं हो पाया। लेकिन संगठन के निरंतर प्रयासों के बाद अब मेरठ डिपो ने कैराना-आगरा रूट पर नियमित बस सेवा शुरू कर दी है।

बस समय और मार्ग:

कैराना से आगरा: सुबह 11:00 बजे कैराना रोडवेज बस स्टेशन से रवाना होगी और शामली, मेरठ, अलीगढ़ होते हुए शाम 8:30 बजे आगरा पहुंचेगी।

आगरा से कैराना: सुबह 5:00 बजे आगरा से चलकर दोपहर 1:00 बजे तक कैराना पहुंचेगी।

लखनऊ के लिए भी जल्द शुरू होगी बस

संगठन के अनुसार, कैराना से लखनऊ के लिए भी बस सेवा अगले सप्ताह से नियमित रूप से शुरू होने की उम्मीद है। इससे यात्रियों को और अधिक सुविधा मिलेगी।

स्थानीय निवासियों और यात्रियों ने इस बस सेवा के शुरू होने पर खुशी जताई है। उन्होंने परिवहन विभाग और निरन्तर तत्पर सामाजिक संगठन का आभार व्यक्त किया है। इस बस सेवा के चलने से मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़ और हाथरस जैसे शहरों के यात्रियों को भी लाभ मिलेगा।

कैराना से आगरा के लिए बस सेवा का पुनः शुरू होना स्थानीय यात्रियों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। सामाजिक संगठनों के प्रयासों से परिवहन सुविधाओं में सुधार हो रहा है, जिससे आम जनता को लाभ मिल रहा है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!