
रात के अंधेरे में ट्यूबवेल पर हाथ साफ, केबल-स्टार्टर के बाद दवाइयां भी समेट ले गए चोर
* हाईवे किनारे ट्यूबवेल पर चोरों का कहर! रात के अंधेरे में केबल-स्टार्टर साफ, गन्ने की दवाइयां भी ले उड़े
*
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर रात के अंधेरे में चोरों ने किसान की ट्यूबवेल पर धावा बोलकर हजारों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोर ट्यूबवेल से केबल और स्टार्टर चोरी करने के साथ-साथ गन्ने की फसल में छिड़काव के लिए रखी दवाइयां भी उठा ले गए। सुबह चोरी का पता चलने पर किसान में हड़कंप मच गया।थाना क्षेत्र के कस्बा एलम निवासी किसान रामगोपाल ने बताया कि उसकी ट्यूबवेल दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर कांधला कॉलेज के समीप स्थित है। शुक्रवार रात किसान अपने घर चला गया था। इसी दौरान चोरों ने सुनसान ट्यूबवेल को निशाना बना लिया।रात में ट्यूबवेल पर पहुंचे चोरों ने पहले बिजली के केबल और स्टार्टर पर हाथ साफ किया। इसके बाद चोरों ने वहां गन्ने की फसल में छिड़काव के लिए रखी दवाइयां भी नहीं छोड़ीं और उन्हें भी चोरी कर फरार हो गए। सुबह किसान ट्यूबवेल पर पहुंचा तो सामान गायब देखकर उसके होश उड़ गए।किसान के मुताबिक चोरी किए गए सामान की कीमत हजारों रुपये बताई जा रही है। चोरी के कारण ट्यूबवेल से खेत की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की भी आशंका है। घटना की सूचना किसान ने तत्काल डायल 112 पर दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास चोरों की तलाश की, लेकिन काफी प्रयास के बाद भी चोरों का कोई सुराग नहीं लग सका। किसान ने पुलिस को शिकायत देकर मामले का जल्द खुलासा करने और चोरी का सामान बरामद कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है
हाईवे किनारे ट्यूबवेल पर हुई चोरी की घटना से क्षेत्र के किसानों में चिंता बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि खेतों में लगी ट्यूबवेलें अक्सर सुनसान स्थानों पर होती हैं, जिसका फायदा उठाकर चोर आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। किसानों ने पुलिस से रात के समय खेतों और ट्यूबवेलों के आसपास गश्त बढ़ाने की मांग की है।