
कांधला के मोहल्ला खेल में ग्रीन कूड़ेदान बने मुसीबत, दुर्गंध से सांस लेना हुआ मुश्किल*
कांधला कस्बे के मोहल्ला खेल में गंदगी और कूड़े से उठने वाली तेज दुर्गंध से मोहल्लेवासी परेशान हैं। सड़क किनारे नगर पालिका द्वारा लगाए गए ग्रीन कूड़ेदान कूड़े-कचरे से ओवरफ्लो हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका कर्मचारी पूरे कस्बे से इकट्ठा किया गया कूड़ा भी इसी एक जगह पर डाल देते हैं, जिससे वहां कूड़े के बड़े-बड़े ढेर लग गए हैं।
मोहल्ला निवासी मोइन ने बताया कि कूड़े से इतनी तेज दुर्गंध उठ रही है कि लोगों का सांस लेना भी मुश्किल हो गया है। कूड़ा डाले जाने वाले स्थान पर कीचड़ जमा होने से मच्छरों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है, जिससे डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बना हुआ है। मोहल्लेवासियों ने सड़क किनारे रखे ग्रीन कूड़ेदान हटाने और नियमित सफाई कराने की मांग की है।
नगर पालिका अध्यक्ष ने दिया कार्रवाई का भरोसा
इस बारे में नगर पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम ने कहा कि मोहल्लेवासियों की शिकायत को गंभीरता से लिया गया है। नगर पालिका कस्बे में सफाई व्यवस्था पर लगातार ध्यान देती है।उन्होंने बताया कि कूड़ा समय पर उठाने और सफाई कराने के निर्देश कर्मचारियों को दिए गए हैं, ताकि लोगों को परेशानी न हो। सफाई व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाती है और जहां भी गंदगी की शिकायत मिलती है, वहां तुरंत सफाई कराई जाती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि मोहल्ला खेल में भी गंदगी और दुर्गंध की समस्या को गंभीरता से लेते हुए जल्द जरूरी कार्रवाई की जाएगी।