
कांधला में गर्भवती महिला को घर से निकाला, पति पर करंट लगाने का सनसनीखेज आरोप
कांधला कस्बे से मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। पांच माह की गर्भवती महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर मारपीट और घर में ताला लगाकर बेघर करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।जानकारी के अनुसार, पीड़िता जीनत शामली के मोहल्ला हाजीपुर की रहने वाली है। उसने पुलिस को बताया कि करीब 8 साल पहले उसकी शादी कांधला के गंगेरू मार्ग निवासी एक युवक से हुई थी। वह दो बच्चों की मां है और 5 माह की गर्भवती भी है।जीनत ने बताया कि उसके पिता शब्बीर की मौत होने पर वह अपने मायके चली गई थी। आरोप है कि इसी दौरान उसके ससुराल वालों ने उसके घर पर ताला जड़ दिया और अब उसे घर में घुसने नहीं दिया जा रहा है।पीड़िता ने पति पर जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए बताया कि कुछ समय पहले उसके पति ने उसे बिजली का करंट लगा दिया था, जिससे उसके हाथ की दो उंगलियां खराब हो गईं। उसका कहना है कि पति लगातार उसके साथ मारपीट करता है और जान से मारने की कोशिश कर रहा है।वहीं, इस पूरे मामले पर थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।