सात साल की शादी, फिर ट्रक की मांग! दहेज के लिए विवाहिता से मारपीट का आरोप

 

 

* दहेज का लालच पड़ा भारी! ट्रक नहीं मिला तो विवाहिता पर टूटा कहर, बच्चों समेत घर से निकाला

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला, दहेज के लालच ने एक विवाहिता की जिंदगी में ऐसा तूफान खड़ा कर दिया कि मामला पुलिस तक पहुंच गया। मलकपुर गांव निवासी परवीन पुत्री दिलशाद ने अपने पति और ससुरालियों पर दहेज में ट्रक की मांग करने, मारपीट और प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़िता का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर उसे बच्चों समेत घर से बाहर निकाल दिया गया।परवीन ने बताया कि करीब सात वर्ष पहले उसकी शादी कांधला की एकता कॉलोनी निवासी युवक से हुई थी। शादी के समय मायके पक्ष ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दहेज दिया था, लेकिन आरोप है कि शादी के बाद ससुरालियों की मांगें बढ़ती चली गईं। विवाहिता के मुताबिक, उससे ट्रक दहेज में लाने का दबाव बनाया जाने लगा।पीड़िता का आरोप है कि 18 मई को उसके साथ मारपीट की गई। उसने मामले की शिकायत कांधला थाने में भी की, लेकिन आरोप है कि उसे राहत नहीं मिली। इसके बाद 20 जून को विवाहिता और उसके बच्चों को घर से निकाल दिया गया। तब से वह अपने मायके मलकपुर में रह रही है।

विवाहिता ने पति पर दूसरी शादी करने और अवैध संबंध रखने के भी आरोप लगाए हैं। अब पीड़िता ने महिला थाना प्रभारी को प्रार्थना पत्र देकर मामले की जांच और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गुहार लगाई है।दहेज के लालच पर सवाल: आखिर कब तक बेटियों की खुशियों का सौदा दहेज के नाम पर होता रहेगा? ट्रक, कार और लाखों रुपये की मांग करने वाले लोग शादी जैसे पवित्र रिश्ते को लेन-देन का सौदा बना रहे हैं। दहेज के खिलाफ समाज और कानून दोनों को सख्त कदम उठाने की जरूरत है।

थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!