
कांधला: सलाद की मांग पर हुई मारपीट, युवकों पर उड़ेला खौलता तेल! दो युवकों को होटल मालिक और कर्मचारियों ने बनाया शिकार!
पुलिस कार्यवाही न होने से परिजनों में आक्रोश, धमकी- अब पुलिस अधीक्षक से करेंगे शिकायत, प्रशासन की निष्क्रियता से बढ़ रहा अत्याचार!
कांधला (शामली): कांधला नगर के कैराना रोड स्थित इरफान होटल पर खाना खाने पहुंचे दो युवकों के साथ सलाद न देने को लेकर हुए विवाद ने भीषण हिंसा का रूप ले लिया। होटल संचालक और कर्मचारियों ने युवकों पर खौलता तेल डालकर उन्हें गंभीर रूप से झुलसा दिया। घटना के बाद पीड़ितों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
शनिवार देर रात मौहल्ला गुजरान निवासी मुनव्वर (शमशीर का पुत्र) और आरिफ (रियासत का पुत्र) इरफान होटल पर खाना खाने पहुंचे। खाने का आर्डर देने के बाद जब लंबे इंतजार के बाद भोजन आया, तो उसमें सलाद नहीं थी। युवकों के बार-बार मांगने पर भी कर्मचारियों ने अनदेखी की। होटल संचालक इरफान को शिकायत करने पर उसने अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर विवाद बढ़ा दिया। इसके बाद होटल मालिक और कर्मचारियों ने दोनों पर हमला कर दिया। आरोप है कि उन पर खौलता तेल डाला गया और एक कर्मचारी ने मुनव्वर की आंखों में नमक-मिर्च के पैकेट फेंके, जिससे उनकी आंखें गंभीर रूप से घायल हो गईं।
घटना के बाद मुनव्वर और आरिफ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन चोटों की गंभीरता को देखते हुए जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों के अनुसार, मुनव्वर की आंखों में गहरे जख्म हैं, जबकि दोनों के शरीर पर तेल से हुए जलने के निशान हैं।
कैराना रोड स्थित यह होटल पहले भी कई बार हिंसा और ग्राहकों के साथ दुर्व्यवहार के लिए चर्चा में रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन की लापरवाही के कारण इरफान और उसके साथी बार-बार ऐसी घटनाएं अंजाम दे रहे हैं। होटल पर पूर्व में भी मारपीट और अभद्रता के मामले दर्ज हो चुके हैं, लेकिन कार्यवाही न होने से आरोपियों का हौसला बढ़ता गया।
परिजनों में आक्रोश, पुलिस पर सवाल
पीड़ितों के परिजनों ने होटल संचालक इरफान, शाहरूख, साहिल और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक क्षितिज कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मामले में कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है। हालांकि, घटना के कई घंटे बीत जाने के बाद भी गिरफ्तारी न होने से परिजन आक्रोशित हैं। उन्होंने धमकी दी है कि यदि 24 घंटे में कार्यवाही नहीं हुई, तो वे पुलिस अधीक्षक से शिकायत करेंगे।