
पत्नी ने नशे से रोका तो पति ने कथित तौर पर बरसाए थप्पड़, सिर में लगी चोट
…
* नशा करने से रोका तो भड़का पति, मारपीट कर किया घायल; 8 साल से शादीशुदा महिला ने पुलिस से लगाई इंसाफ की गुहार
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे की इदरीश बैग बिहार कॉलोनी में घरेलू विवाद का एक मामला सामने आया है। यहां एक महिला ने अपने पति पर नशे की हालत में मारपीट करने और विरोध करने पर सिर में चोट पहुंचाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत करते हुए आरोपी पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने महिला का मेडिकल परीक्षण कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, इदरीश बैग बिहार कॉलोनी निवासी रुखसार की शादी करीब आठ वर्ष पहले हुई थी। महिला का आरोप है कि उसका पति नशे का आदी है और नशे की वजह से आए दिन घर में विवाद करता रहता है। आरोप है कि पति की नशे की आदत का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती है।रुखसार के मुताबिक, घटना के दौरान उसने पति को नशा करने से रोकने की कोशिश की, जिससे पति गुस्से में आ गया। आरोप है कि इसके बाद पति ने उसके साथ मारपीट कर दी, जिसमें उसके सिर में चोट लग गई। मारपीट के बाद पीड़िता ने पुलिस का दरवाजा खटखटाया और पूरे मामले की शिकायत करते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया। मामले को लेकर थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।