सात साल का निकाह, दूसरी शादी पर संग्राम! पति पर तीन तलाक देकर घर से निकालने का आरोप

……

* दूसरी महिला से निकाह करने पर पत्नी ने जताया विरोध तो मारपीट का लगाया आरोप, परिजनों के साथ थाने पहुंची पीड़िता

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। सात साल पहले हुए निकाह के बाद पति-पत्नी के रिश्ते में ऐसा विवाद खड़ा हुआ कि मामला थाने तक पहुंच गया। थाना क्षेत्र के गांव इस्लामपुर घसौली निवासी एक महिला ने अपने पति पर दूसरी महिला से निकाह करने, विरोध करने पर मारपीट करने और तीन तलाक देकर घर से निकालने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि करीब सात साल पहले उसका निकाह मुजफ्फरनगर निवासी एक युवक के साथ हुआ था। शादी के दौरान उसके पिता भूरा ने अपनी हैसियत के मुताबिक दान-दहेज देकर बेटी को विदा किया था। महिला का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति ने दूसरी महिला से निकाह कर लिया।आरोप है कि दूसरी शादी की जानकारी मिलने पर जब महिला ने इसका विरोध किया तो पति ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद कथित तौर पर तीन तलाक देकर उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता का कहना है कि पति के इस रवैये से उसका वैवाहिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।मामले से परेशान महिला अपने परिजनों के साथ कांधला थाने पहुंची और पति के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। महिला ने पुलिस से मामले में न्याय दिलाने की गुहार लगाई है।

 

*तहरीर मिलते ही जांच में जुटी पुलिस*

कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!