
मच्छरों पर वार, बीमारियों से बचाव की तैयारी, नगर पालिका ने शुरू कराया फॉगिंग अभियान
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे को स्वच्छ एवं संचारी रोग मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद कांधला की ओर से मच्छरों के खात्मे के लिए फॉगिंग अभियान चलाया गया। अभियान की शुरुआत कांधला थाना परिसर से की गई। इसके बाद नगर पालिका कर्मचारियों ने कस्बे के विभिन्न मोहल्लों और प्रमुख मार्गों पर फॉगिंग कर मच्छरों के प्रकोप को कम करने के लिए दवा का छिड़काव कराया।नगर पालिका अध्यक्ष हाजी नजमुल इस्लाम के आदेश पर चलाए गए अभियान के तहत कर्मचारियों ने थाना परिसर सहित आसपास के क्षेत्रों में फॉगिंग की। इसके साथ ही कस्बे की नालियों, गलियों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर मच्छरों से बचाव के लिए दवा का छिड़काव किया गया। अभियान के माध्यम से लोगों को मच्छरों से फैलने वाली बीमारियों के प्रति जागरूक करने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया गया।बरसात और मौसम में बदलाव के दौरान मच्छरों का प्रकोप बढ़ने से डेंगू, मलेरिया सहित अन्य संचारी रोगों का खतरा बना रहता है। ऐसे में नगर पालिका की ओर से फॉगिंग कराकर मच्छरों की रोकथाम करने का प्रयास किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य कस्बे के नागरिकों को संचारी रोगों से सुरक्षित रखना और स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना है।नगर पालिका अध्यक्ष हाजी नजमुल इस्लाम ने कहा कि कांधला को स्वच्छ, सुंदर और संचारी रोग मुक्त बनाना नगर पालिका की प्राथमिकता है। नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में साफ-सफाई और फॉगिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मच्छरों के प्रकोप को कम करने के लिए फॉगिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, नालियों की सफाई रखें तथा स्वच्छता के प्रति जागरूक रहें, ताकि मच्छरों के प्रजनन पर रोक लगाई जा सके और संचारी रोगों से बचाव किया जा सके।