खेत में काम कर रहे किसान समेत तीन पर गीदड़ों का हमला, दो जिला अस्पताल रेफर

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला क्षेत्र के गांव गढ़ी मियां में खेत पर काम कर रहे किसान समेत तीन लोगों पर गीदड़ों ने अचानक हमला कर दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों ने लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचकर गीदड़ों को भगाया और घायलों की जान बचाई। घटना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई।गांव गढ़ी मियां निवासी सत्तार पुत्र रियासत अपने भतीजे साद पुत्र आदिल और भतीजी मेफरीन पुत्री इकराम के साथ खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक कुछ गीदड़ खेत में पहुंच गए और तीनों पर हमला बोल दिया। गीदड़ों के हमले में तीनों घायल हो गए।घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे। किसानों ने एकजुट होकर गीदड़ों को भगाया और घायलों को उनके चंगुल से बचाया। इसके बाद तीनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांधला में भर्ती कराया गया।

सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सा प्रभारी निरीक्षक डॉ. रजत चौहान ने सत्तार और साद की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि मेफरीन को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

घटना के बाद गांव में गीदड़ों के हमले को लेकर ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

error: Content is protected !!