
दीपावली को लेकर बाजार तैयार, बड़ी सब्जी मंडी में ग्रीन पटाखों की दुकानों की रौनक
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे में दीपावली पर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। कैराना मार्ग स्थित बड़ी सब्जी मंडी में ग्रीन पटाखों की दुकानें लगाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस बार मंडी में करीब 20 दुकानें लगाए जाने की योजना है। दुकानदारों ने दुकानों के लिए निर्धारित स्थानों की साफ-सफाई और व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया है।
दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही कस्बे के बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। पटाखा विक्रेता भी ग्राहकों की मांग को देखते हुए अपने कारोबार की तैयारियों में जुट गए हैं। बड़ी सब्जी मंडी में दुकानें लगने से त्योहार के दौरान पटाखों की खरीदारी के लिए लोगों को एक स्थान पर कई दुकानें उपलब्ध होंगी।
मोहल्ला रायजादगान निवासी पटाखा विक्रेता मोहम्मद इरफान ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी बड़ी सब्जी मंडी में पटाखों की दुकानें लगाई जाएंगी। दीपावली नजदीक आने पर ग्राहक पटाखों की खरीदारी शुरू कर देते हैं। उन्होंने बताया कि ग्राहकों की मांग को देखते हुए ग्रीन पटाखे उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।पटाखा विक्रेताओं को इस बार भी अच्छे कारोबार की उम्मीद है। वहीं, त्योहार को लेकर कस्बे में बाजारों की रौनक बढ़ने लगी है और लोगों में दीपावली को लेकर उत्साह दिखाई देने लगा है।