घर के बाहर खेल रही तीन वर्षीय आनिया अचानक गायब, परिजनों की बढ़ी चिंता

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। कस्बे के मोहल्ला शेखजादगान में घर के बाहर खेल रही तीन वर्षीय मासूम बच्ची संदिग्ध परिस्थितियों में अचानक लापता हो गई। बच्ची के लापता होने से परिजनों में हड़कंप मच गया। काफी तलाश के बाद भी बच्ची का कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने पुलिस से सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है।मोहल्ला शेखजादगान निवासी दिलशाद की तीन वर्षीय पुत्री आनिया शुक्रवार दोपहर करीब 12:30 बजे घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान बच्ची अचानक लापता हो गई। काफी देर तक बच्ची दिखाई नहीं देने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। परिवार के लोगों ने आसपास की गलियों, मोहल्लों और संभावित स्थानों पर बच्ची को तलाश किया, लेकिन उसका कहीं कोई पता नहीं चल सका।मासूम के अचानक लापता होने से परिवार में चिंता और बेचैनी का माहौल बना हुआ है। बच्ची के चाचा वकील ने अनहोनी की आशंका जताते हुए कांधला थाने पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी तथा गुमशुदगी दर्ज कर बच्ची को जल्द से जल्द सकुशल बरामद करने की मांग की।उधर, कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर लापता बच्ची की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम बच्ची को सकुशल बरामद करने के प्रयास में जुटी है। जल्द ही बच्ची को बरामद कर लिया जाएगा।

error: Content is protected !!