
पहले बाउंड्री तोड़ी, फिर विरोध करने पर पीटा, पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला गांव नाला में मकान निर्माण के दौरान पड़ोसी के मकान की छत पर बनी बाउंड्री तोड़ने को लेकर विवाद हो गया। विरोध करने पर गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी दंपती के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव नाला निवासी युधिष्ठिर ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उसका पड़ोसी उपेंद्र उसके मकान के बराबर में अपना मकान बना रहा है। आरोप है कि मकान निर्माण के दौरान उपेंद्र ने उसके मकान की छत पर बनी बाउंड्री को बिना बताए तोड़ दिया। इस मामले में पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की थी, जिसके बाद समाज के जिम्मेदार लोगों की मौजूदगी में बाउंड्री दोबारा बनाने पर सहमति बनी थी।
आरोप है कि जब पीड़ित ने बाउंड्री दोबारा बनाने के लिए कहा तो उपेंद्र और उसकी पत्नी बलेश ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट कर दी। पीड़ित ने दोनों के खिलाफ थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।