
भभीसा ईंट भट्टे के पास बाइक और फॉर्च्यूनर की भिड़ंत, दो युवक गंभीर घायल
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव भभीसा स्थित ईंट भट्टे के पास बाइक और फॉर्च्यूनर कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घायलों की पहचान गांव आल्दी निवासी तेल राम के पुत्र सोनू और गांव मतनावली निवासी सतबीर के पुत्र रोहित के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों युवक बाइक पर सवार होकर मुजफ्फरनगर से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह भभीसा ईंट भट्टे के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रही फॉर्च्यूनर कार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
राहगीरों की सूचना पर 108 एंबुलेंस चालक अनुज कुमार मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को उपचार के लिए कांधला सीएचसी में भर्ती कराया।
घायल सोनू ने बताया कि वह अपने साथी रोहित के साथ बाइक से मुजफ्फरनगर से घर लौट रहा था। इसी दौरान भभीसा ईंट भट्टे के पास फॉर्च्यूनर कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि घायलों की ओर से अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।