अतिक्रमण, जाम, टूटी सड़क और आवारा कुत्तों का मुद्दा गरमाया, भाकियू ने डीएम को भेजा पत्र

……

बंदर-कुत्तों के आतंक, अतिक्रमण, जाम, खराब सड़क और स्ट्रीट लाइट का मुद्दा उठाया

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। नगर में लगातार बढ़ रही जनसमस्याओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (टिकैत कांधला की टीम ने जिलाधिकारी शामली को पत्र भेजकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है। भाकियू के जिला मीडिया प्रभारी रईस पठान ने पत्र के माध्यम से नगर की कई प्रमुख समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए संबंधित विभागों से तत्काल कार्रवाई कराने की मांग की है।भाकियू ने नगर में बढ़ते बंदरों और आवारा कुत्तों के आतंक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि विभिन्न मोहल्लों में इनकी संख्या लगातार बढ़ रही है। आए दिन लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आवारा कुत्तों के काटने की घटनाओं से बच्चों, बुजुर्गों और राहगीरों में भय बना हुआ है। नगर पालिका को शिकायत किए जाने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।पत्र में दिल्ली बस स्टैंड से वीर अब्दुल हमीद स्मारक तक सड़क के दोनों ओर फैले अतिक्रमण का मुद्दा भी उठाया गया। भाकियू का कहना है कि सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। संगठन ने अतिक्रमण हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराने की मांग की है।वहीं राष्ट्रीय राजमार्ग-709बी के दिल्ली बस स्टैंड कांधला क्षेत्र में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को भी दुरुस्त कराने की मांग की गई है। भाकियू ने कहा कि मुख्य मार्ग पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से रात के समय राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।इसके अलावा वीर अब्दुल हमीद स्मारक तक जाने वाली मुख्य सड़क की खराब हालत को देखते हुए आगामी त्योहारों से पहले सड़क की मरम्मत कराने की मांग की गई है, ताकि त्योहारों के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।भाकियू ने नगर पालिका के पिआऊ को मुख्य चौराहे से हटाकर किसी अन्य स्थान पर स्थापित करने की मांग भी रखी है। संगठन का कहना है कि चौराहे पर भीड़ और वाहनों के दबाव के चलते जाम की स्थिति बनती है। पिआऊ को उचित स्थान पर स्थानांतरित किए जाने से यातायात व्यवस्था को राहत मिल सकती है।

 

भाकियू जिला मीडिया प्रभारी रईस पठान ने जिलाधिकारी से नगर की सभी समस्याओं का संज्ञान लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी इन समस्याओं का जल्द समाधान होना जरूरी है, ताकि कांधला नगरवासियों को रोजमर्रा की परेशानियों से राहत मिल सके।

error: Content is protected !!