कार की रफ्तार का कहर! तीन बाइक सवारों को रौंदा, मेरठ रेफर

अट्टा गांव के पास भीषण टक्कर से मची चीख-पुकार, कार चालक हिरासत में; सीएचसी में घायल के परिजनों ने एंबुलेंस चालक को पीटा

 

सादिक सिद्दीक़ी,

 

कांधला। बुढ़ाना रोड पर बुधवार को तेज रफ्तार कार ने ऐसा कहर बरपाया कि सड़क पर तीन बाइक सवार घायल होकर तड़पने लगे। गांव अट्टा के समीप कार ने एक के बाद एक तीन बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस मौके पर पहुंची। राहगीरों की मदद से घायलों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कांधला पहुंचाया गया। गंभीर हालत देखकर चिकित्सकों ने तीनों घायलों को हार्ट सेंटर मेरठ रेफर कर दिया। उधर, पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।जानकारी के अनुसार, गढ़ीदौलत निवासी शहजाद पुत्र साजिद (22) जोगियाखेड़ा स्थित मदरसे में खाना बनाने का काम करता है। बुधवार को वह बाइक से जोगियाखेड़ा से अपने गांव लौट रहा था। अट्टा गांव के पास कांधला की ओर से आ रही कार ने उसकी बाइक समेत तीन बाइक सवारों को टक्कर मार दी।हादसे में शहजाद के अलावा पानीपत खेड़ा मस्तान निवासी सोनू पुत्र सोमपाल (28) और मस्तान खेड़ा निवासी राजीव पुत्र महावीर (45) गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि सोनू रिश्तेदारी से वापस पानीपत जा रहा था। अचानक हुए हादसे से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई।

 

*हादसे के बाद सीएचसी में भी बवाल*

 

सड़क हादसे के घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद मामला उस समय और गरमा गया, जब घायल राजीव के परिजनों की 108 एंबुलेंस चालक से कहासुनी हो गई। परिजनों का आरोप है कि राजीव की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल ले जाने के लिए कहा गया, लेकिन एंबुलेंस चालक ने जिला अस्पताल ले जाने से मना कर दिया।इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्साए परिजनों ने एंबुलेंस चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। अस्पताल परिसर में मारपीट की खबर फैलते ही कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह मामला शांत कराया। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए दोनों पक्षों से पूछताछ की। एक तरफ सड़क हादसे में तीन लोगों के गंभीर घायल होने से परिजन परेशान रहे, तो दूसरी तरफ सीएचसी में हुए विवाद ने माहौल को और गर्म कर दिया।पुलिस ने कार चालक को हिरासत में लेकर सड़क हादसे की जांच शुरू कर दी है। वहीं, एंबुलेंस चालक से मारपीट के मामले में भी पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

error: Content is protected !!