
आनंद सिनेमा हॉल के सामने से बाइक चोरी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
कांधला। कस्बे के आनंद सिनेमा हॉल के सामने खड़ी बाइक को अज्ञात चोर चोरी कर फरार हो गए। बाइक चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार कैराना के मोहल्ला आल दरमियान निवासी अमीर अहमद के पुत्र एजाज कांधला के आनंद सिनेमा हॉल के सामने कचौड़ी बेचने का काम करते हैं। एजाज ने बताया कि उनके चार छोटे बच्चे हैं और परिवार का पालन-पोषण करने के लिए वह रोजाना बाइक से कैराना से कांधला आते हैं।
रविवार शाम काम खत्म करने के बाद जब एजाज घर लौटने की तैयारी कर रहे थे, तो उनकी बाइक मौके से गायब मिली। आसपास तलाश करने के बावजूद बाइक का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद उन्होंने कांधला थाने पहुंचकर अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर बाइक बरामद करने की गुहार लगाई।
सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की तथा आसपास की दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी। थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।