
गुल्लक की बचत से जरूरतमंद बच्चों की मदद, विधायक ने की बच्चों की पहल की सराहना
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। एलम कस्बे के श्री पारसनाथ बाल शिक्षा सदन में शनिवार को सेवा एवं सहयोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शामली विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रसन्न चौधरी ने विद्यालय के करीब 100 विद्यार्थियों को स्कूल बैग और कॉपियां वितरित कीं। शिक्षण सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम की सबसे खास और प्रेरणादायक बात यह रही कि जरूरतमंद विद्यार्थियों के लिए शिक्षण सामग्री उपलब्ध कराने में विद्यालय प्रबंधक पुनीत जैन की बेटी ऋषिका जैन और उनके भतीजे पुण्यम जैन ने अपनी गुल्लक में जमा की गई बचत राशि से सहयोग किया। बच्चों ने अपनी छोटी-छोटी बचत को जरूरतमंद विद्यार्थियों की शिक्षा के लिए समर्पित कर सेवा और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की। उनकी इस पहल की कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने जमकर सराहना की।
विधायक प्रसन्न चौधरी ने कहा कि बच्चों द्वारा अपनी गुल्लक की बचत से जरूरतमंद विद्यार्थियों की मदद करना बेहद सराहनीय और प्रेरणादायक कदम है। छोटी उम्र में सेवा और सहयोग की भावना समाज को सकारात्मक संदेश देती है। उन्होंने जैन समाज की ओर से समय-समय पर किए जाने वाले सामाजिक एवं सेवा कार्यों की भी प्रशंसा की।
उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए कहा कि मेहनत और लगन से पढ़ाई कर बच्चे अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता और गुरुजनों का नाम रोशन करने का आह्वान किया।विद्यालय प्रबंधक पुनीत जैन ने कहा कि जरूरतमंद विद्यार्थियों की सहायता करने और शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यालय में समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से भी जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए आगे आने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान सोनू जैन, विकास जैन, निखिल जैन, शुभम जैन, अरिहंत जैन, नीटू कश्यप सहित अन्य लोग मौजूद रहे।