प्रसाद चढ़ाकर घर लौट रहा था परिवार, रास्ते में इको कार ने मारी टक्कर!

 

* किंवाना रेलवे फाटक के पास हादसे से मची चीख-पुकार, 25 और 24 वर्षीय युवतियों समेत 9 साल की बच्ची घायल, शामली जिला अस्पताल रेफर

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला, माता रानी को प्रसाद चढ़ाकर खुशी-खुशी अपने घर लौट रहे श्रद्धालुओं का सफर उस समय हादसे में बदल गया, जब पीछे से आई एक तेज रफ्तार इको कार ने उनके ट्रैक्टर में दो बार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर पर सवार तीन युवतियां घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को आनन-फानन में कांधला के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को जिला अस्पताल शामली रेफर कर दिया गया।जानकारी के अनुसार, रामपुर खेड़ी गढ़ गोसाई निवासी सोनू गिरी अपने परिवार के लोगों के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर कांधला में माता रानी को प्रसाद चढ़ाने आए थे। माता रानी को प्रसाद चढ़ाने के बाद सभी श्रद्धालु ट्रैक्टर से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही उनका ट्रैक्टर किंवाना रेलवे फाटक के समीप पहुंचा, तभी पीछे से आई एक इको कार ने ट्रैक्टर में लगातार दो बार टक्कर मार दी। अचानक हुए इस हादसे में ट्रैक्टर सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई।

हादसे में वेदपाल गिरी की 25 वर्षीय पुत्री मनीषा, जनेश्वर गिरी की 24 वर्षीय पुत्री निशा और सोमवीर गिरी की महज नौ वर्षीय पुत्री सूची घायल हो गईं। हादसे की सूचना के बाद घायलों को उपचार के लिए कांधला के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों की हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल शामली रेफर कर दिया।

 

*पुलिस कर रही मामले की जांच*

कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!