
अपने क्षेत्र को लेकर आमने-सामने आए किन्नर, सन्नो की शिकायत पर जांच शुरू
* बिहार कॉलोनी निवासी किन्नर सन्नो ने दूसरे किन्नर पर लगाए गंभीर आरोप, कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने शुरू की जांच
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे में मांगने-कमाने के क्षेत्र को लेकर किन्नरों के बीच विवाद गहरा गया है। अपने इलाके में दूसरे के दखल से परेशान होने का आरोप लगाते हुए बिहार कॉलोनी निवासी किन्नर सन्नो ने इंसाफ की गुहार लगाई है। मामला गाली-गलौज और मारपीट के आरोपों तक पहुंच गया। पुलिस से शिकायत के बाद मामला न्यायालय पहुंचा, जिसके आदेश पर अब पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।जानकारी के मुताबिक, बिहार कॉलोनी निवासी किन्नर सन्नो अपने निर्धारित क्षेत्र के गांवों में मांगने-कमाने के लिए जाती है। आरोप है कि कस्बे का ही एक अन्य किन्नर उसके क्षेत्र में दखल देकर उसके कामकाज में बाधा डालता है। सन्नो का आरोप है कि जब वह इसका विरोध करती है तो उसके साथ गाली-गलौज की जाती है और मारपीट भी की जाती है।किन्नर सन्नो का कहना है कि क्षेत्र को लेकर चल रहे विवाद के कारण उसे लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि उसे अपने निर्धारित क्षेत्र में मांगने-कमाने से रोका जाता है, जिससे उसकी आजीविका पर भी असर पड़ रहा है। लगातार हो रही परेशानी से तंग आकर सन्नो ने पहले पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की।मामले में न्याय पाने के लिए सन्नो ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। इसके बाद कोर्ट के आदेश पर कांधला पुलिस ने प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की पड़ताल कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।कांधला थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल, मांगने-कमाने के क्षेत्र को लेकर शुरू हुआ यह विवाद कस्बे में चर्चा का विषय बना हुआ है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि विवाद की असल वजह क्या है और शिकायत में लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।