
पारिवारिक विवाद में युवक ने जहरीला पदार्थ खाया, हालत गंभीर
…
बहन द्वारा घेर अपने नाम कराने की बात से था आहत, प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। थाना क्षेत्र के गांव किवाना में पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक ने अनाज में रखने वाली जहरीली दवा का सेवन कर लिया। जहरीला पदार्थ खाने के बाद युवक की हालत बिगड़ने पर परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजन आनन-फानन में युवक को उपचार के लिए कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
बताया गया कि गांव किवाना निवासी तेजपाल के पुत्र मांगा ने पारिवारिक विवाद से आहत होकर अनाज में इस्तेमाल होने वाली जहरीली दवा का सेवन कर लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी, जिसके बाद परिजनों ने उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। युवक की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
पीड़ित युवक मांगा के अनुसार, उसकी सगी बहन ने घेर अपने नाम करा लिया है। इसी बात को लेकर वह काफी आहत था। युवक ने बताया कि इसी विवाद के चलते उसने जहरीली दवा का सेवन कर लिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में अफरा-तफरी मच गई।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रामवीर सिंह ने बताया कि युवक को सीएचसी में प्राथमिक उपचार दिया गया। उसकी हालत नाजुक होने के कारण बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।