चकरोड़ से मकान के छज्जे तक कब्जे की शिकायत, समाधान दिवस में गरमाया माहौल

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। शनिवार को थाना परिसर कांधला में शासन के निर्देश पर समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसीलदार आकाश चौधरी और थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। हालांकि समाधान दिवस में महज तीन शिकायतें पहुंचीं, लेकिन इनमें जमीन पर कब्जे से लेकर मकान निर्माण में रुकावट और छज्जा निकालकर कब्जा करने जैसे मामले शामिल रहे।

गांव नाला निवासी बृजपाल सिंह ने शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उनके पड़ोसी ने खेत की चकरोड़ पर कब्जा कर लिया है। शिकायत मिलने के बाद अधिकारियों ने मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं गांव भनेड़ा निवासी मांगराम और ओमवीर ने बताया कि वह अपने मकान का निर्माण करा रहे हैं। आरोप है कि पड़ोसी मकान निर्माण में रुकावट डालने के साथ उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट करता है। पीड़ितों ने अधिकारियों से मामले में कार्रवाई की गुहार लगाई।

गांव हुरमजपुर निवासी रामकुमार ने भी शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि पड़ोसी ने मकान निर्माण के दौरान छज्जा निकालकर उनकी जमीन पर कब्जा कर लिया है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार और थाना प्रभारी ने पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर मौके पर जांच कराने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने संबंधित टीमों को निर्देशित किया कि शिकायतों की मौके पर जांच कर निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई की जाए और फरियादियों को जल्द राहत दिलाई जाए। थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान करना पुलिस की प्राथमिकता है और शिकायतों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

error: Content is protected !!