जुमे की नमाज को लेकर हाई अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा

 

धार्मिक स्थलों के बाहर तैनात रहा भारी पुलिस बल, संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च से दिया सुरक्षा का संदेश

 

सादिक सिद्दीक़ी

कांधला। सहारनपुर प्रकरण के बाद जिले में अलर्ट मोड पर चल रहे पुलिस-प्रशासन की कड़ी निगरानी के बीच शुक्रवार को कांधला में जुमे की नमाज पूरी तरह शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। नमाज के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। जुमे की नमाज सकुशल संपन्न होने के बाद पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली।शुक्रवार को जुमे की नमाज को लेकर पुलिस और प्रशासन पहले से ही पूरी तरह सतर्क नजर आया। कांधला थाना प्रभारी बच्चू सिंह पुलिस बल के साथ नगर के प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास मुस्तैद रहे। वहीं नगर के अलावा क्षेत्र की विभिन्न पुलिस चौकियों के प्रभारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाले रखी। धार्मिक स्थलों के आसपास पुलिस की मौजूदगी से पूरे क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल नजर आया।सुरक्षा व्यवस्था को और पुख्ता करने के लिए संवेदनशील माने जाने वाले इलाकों में थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिसकर्मियों ने फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की। पुलिस की ओर से साफ संदेश दिया गया कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

धार्मिक स्थलों के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा

जुमे की नमाज को देखते हुए नगर के विभिन्न धार्मिक स्थलों के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिसकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि नमाज के दौरान आसपास के क्षेत्र पर लगातार नजर रखी जाए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को दी जाए।

वहीं खुफिया विभाग की टीमें भी सक्रिय रहीं। अधिकारियों और खुफिया विभाग के कर्मचारियों ने धार्मिक स्थलों के आसपास लगातार निगरानी बनाए रखी। आने-जाने वाले लोगों तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी गई।

 

सेक्टर मजिस्ट्रेटों ने भी संभाली जिम्मेदारी

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन की ओर से सेक्टर मजिस्ट्रेटों की भी तैनाती की गई थी। अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रशासन की कोशिश रही कि जुमे की नमाज शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो।जुमे की नमाज के दौरान नगर और क्षेत्र के मुस्लिम समुदाय के लोगों ने देश में अमन, शांति, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ की। नमाज के बाद लोग शांतिपूर्वक अपने घरों और कामकाज की ओर रवाना हो गए। बाजार और मुख्य मार्गों पर भी सामान्य स्थिति बनी रही।

 

गड़बड़ी करने वालों पर होगी सख्त करवाई

थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि जुमे की नमाज को लेकर पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल को संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया था और लगातार निगरानी रखी गई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने या माहौल खराब करने का प्रयास करने वालों से पुलिस सख्ती से निपटेगी। किसी भी व्यक्ति को कानून हाथ में लेने की इजाजत नहीं दी जाएगी और गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने के बाद पुलिस-प्रशासन ने राहत की सांस ली। पूरे घटनाक्रम के दौरान कांधला में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, लेकिन माहौल पूरी तरह सामान्य और शांतिपूर्ण रहा।

error: Content is protected !!