
सुबह-सुबह विजिलेंस की दस्तक, बिजली चोरों और बकायेदारों में मची खलबली
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। गुरुवार की सुबह कांधला कस्बे में उस समय खलबली मच गई, जब बिजली विभाग की विजिलेंस टीम ने बिजली चोरी और बकाया बिलों को लेकर अचानक ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी। टीम को देखते ही कई इलाकों में बिजली उपभोक्ताओं में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। विभागीय टीम ने घर-घर और कनेक्शनों की जांच कर लंबे समय से बिल नहीं भरने वालों पर कार्रवाई का डंडा चला दिया।
अभियान के दौरान ऐसे कई उपभोक्ताओं के कनेक्शन काट दिए गए, जो लंबे समय से बिजली का बिल जमा नहीं कर रहे थे। वहीं जांच के दौरान कुछ स्थानों पर बिजली चोरी के मामले भी सामने आए। बिजली चोरी पकड़े जाने के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई।
कांधला बिजलीघर के जेई विजय शंकर कुशवाहा ने बताया कि कस्बे में लगातार बिजली चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इसके अलावा बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं पर बिजली बिलों का बकाया भी चल रहा है। शिकायतों और बकाया भुगतान को गंभीरता से लेते हुए विजिलेंस टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाया गया।
सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई से उन उपभोक्ताओं में खासा हड़कंप देखा गया, जो बिजली बिल जमा करने में लगातार लापरवाही बरत रहे थे। विभाग ने साफ कर दिया कि बकायेदारों और बिजली चोरी करने वालों को किसी भी सूरत में राहत नहीं दी जाएगी।
जेई विजय शंकर कुशवाहा ने बताया कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने उपभोक्ताओं से समय से बिजली बिल जमा करने और बिजली चोरी से पूरी तरह बचने की अपील की है। विभाग की कार्रवाई के बाद कस्बे में दिनभर बिजली विभाग की छापेमारी को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।