
तीसरी बार तहसील अध्यक्ष बने गौतम पंवार, बोले किसानों के हक की लड़ाई में सबसे आगे रहूंगा
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। गांव भारसी निवासी गौतम पंवार को भारतीय किसान यूनियन ने लगातार तीसरी बार तहसील अध्यक्ष शामली की जिम्मेदारी सौंपी है। संगठन की ओर से दोबारा भरोसा जताए जाने पर गौतम पंवार ने शीर्ष नेतृत्व और जिला अध्यक्ष आशीष चौधरी का आभार जताते हुए इसे अपने लिए गर्व और सम्मान का दिन बताया।
गौतम पंवार ने कहा कि संगठन की ओर से तीसरी बार उन पर जो विश्वास जताया गया है, वह उनके लिए महज पद नहीं बल्कि बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पद मिलना बड़ी बात नहीं है, बल्कि उस पद की जिम्मेदारी को ईमानदारी और मजबूती के साथ निभाना सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने संगठन को भरोसा दिलाया कि किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों पर वह पूरी मजबूती के साथ आवाज उठाते रहेंगे।
उन्होंने कहा कि किसान की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा और किसानों के अधिकार तथा सम्मान की लड़ाई में संगठन पूरी ताकत के साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यह पद केवल उनका नहीं, बल्कि क्षेत्र के प्रत्येक किसान का पद है और उनकी असली ताकत कोई कुर्सी नहीं, बल्कि किसान भाईयों का विश्वास और सहयोग है।
गौतम पंवार ने कहा कि जिला अध्यक्ष आशीष चौधरी के नेतृत्व में भारतीय किसान यूनियन को गांव-गांव तक और मजबूत किया जाएगा। किसानों को संगठन से जोड़ने के साथ उनकी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि जब भी किसानों के हक और अधिकार की लड़ाई सामने आएगी, संगठन के कार्यकर्ता एकजुट होकर संघर्ष करेंगे।
उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर जरूरत पड़ी तो आंदोलन का रास्ता भी अपनाया जाएगा। किसान हित में संगठन के आह्वान पर हजारों किसान एकजुट होकर सड़क पर उतरने को तैयार रहेंगे। तीसरी बार मिली जिम्मेदारी के बाद समर्थकों और किसान कार्यकर्ताओं में भी उत्साह देखने को मिला।