
चोरी की वारदातों से दहला क्षेत्र, अब किसान की ट्यूबवेल पर चोरों का धावा
* एलम में ट्यूबवेल से बिजली के तार, तांबे के तार, स्टार्टर समेत सामान चोरी; किसानों में रोष
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला। कस्बे और क्षेत्र में चोरी की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। चोरों के हौसले इस कदर बुलंद नजर आ रहे हैं कि अब दिनदहाड़े खेतों में लगी ट्यूबवेल भी सुरक्षित नहीं रह गई हैं। थाना क्षेत्र के कस्बा एलम में सोमवार को अज्ञात चोरों ने एक किसान की ट्यूबवेल को निशाना बनाते हुए बिजली के तार, तांबे के तार, स्टार्टर समेत अन्य जरूरी उपकरण चोरी कर लिए। वारदात की जानकारी मिलते ही आसपास के किसानों में हड़कंप मच गया।
एलम निवासी किसान बबलू पुत्र निर्मल के खेत में ट्यूबवेल लगी हुई है। सोमवार को अज्ञात चोर मौका पाकर खेत में पहुंचे और ट्यूबवेल पर लगे बिजली के तार तथा तांबे के तार काटने के साथ स्टार्टर और अन्य उपकरण भी चोरी कर लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद चोर बिना किसी डर के मौके से फरार हो गए।
किसान बबलू जब अपनी ट्यूबवेल पर पहुंचे तो वहां सामान गायब देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने आसपास के खेतों में चोरों की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। दिनदहाड़े चोरी की घटना सामने आने के बाद आसपास के किसान मौके पर जमा हो गए और क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर नाराजगी जताई।
किसानों का कहना है कि खेतों में लगी ट्यूबवेल और कृषि उपकरण लंबे समय से चोरों के निशाने पर हैं। चोरी के कारण किसानों को आर्थिक नुकसान उठाने के साथ खेतों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की भी चिंता रहती है। किसानों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की है।
पीड़ित किसान ने पुलिस को घटना की सूचना देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने बताया कि ट्यूबवेल से सामान चोरी होने की सूचना मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।