बारिश बनी आफत, विशाल पेड़ गिरने से थम गई सड़क, टला बड़ा हादसा

 

 

* बारिश बनी आफत: सड़क किनारे खड़ा विशाल गुलर का पेड़ भरभराकर गिरा, टला बड़ा हादसा

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। लगातार हो रही बारिश ने अब लोगों की जान पर खतरा पैदा करना शुरू कर दिया है। कांधला थाना क्षेत्र के डिड़ाना गांव में सड़क किनारे खड़ा वर्षों पुराना विशाल गुलर का पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर सड़क पर गिर पड़ा। गनीमत रही कि घटना के समय वहां से कोई राहगीर या वाहन नहीं गुजर रहा था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण जमीन पूरी तरह नम हो गई थी। इसी वजह से भारी-भरकम पेड़ अपनी जड़ों समेत उखड़कर सड़क पर आ गिरा। तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर ग्रामीण अपने घरों से बाहर निकल आए और मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।

ग्रामीण गुलजार ने बताया कि यह पेड़ काफी पुराना और विशालकाय था। यदि पेड़ गिरते समय कोई वाहन या राहगीर वहां से गुजर रहा होता तो जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था। घटना के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना रहा।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि सड़क किनारे खड़े जर्जर और कमजोर पेड़ों का तत्काल सर्वे कराया जाए तथा समय रहते उन्हें हटाने या सुरक्षित करने की कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।

error: Content is protected !!