चार गिरफ्तार, अब हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस

 

* मोनू हत्याकांड में कांधला पुलिस का शिकंजा कसता गया, दो और आरोपी दबोचे; चार आरोपी सलाखों के पीछे, कई राज खुलने की उम्मीद

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला/ बहुचर्चित मोनू हत्याकांड में कांधला पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मामले में दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही इस सनसनीखेज हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही कई अहम खुलासे होने की संभावना है।

गौरतलब है कि 1 अगस्त 2026 को नाला-ककड़ीपुर रजवाहा पटरी पर 22 वर्षीय मोनू उर्फ गुल्लू का शव बरामद हुआ था। मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान और सिर में गोली लगने के साक्ष्य मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मृतक रमाला थाना क्षेत्र के ककड़ीपुर गांव निवासी सुरेंद्र का पुत्र था। घटना की सूचना मिलते ही कांधला पुलिस, फील्ड यूनिट और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मृतक के पिता की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया।

हत्याकांड के खुलासे के लिए पुलिस ने उसी दिन ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कार्तिक और ओमपाल को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद पुलिस लगातार अन्य फरार आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी।

शनिवार को पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली, जब पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला तथा क्षेत्राधिकारी कैराना हेमंत कुमार के पर्यवेक्षण में कांधला पुलिस ने सत्यम पुत्र ऋषिपाल निवासी भारसी और शुभम पुत्र सत्येंद्र निवासी नाला गांव को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है और पुलिस को उम्मीद है कि इस हत्याकांड से जुड़े कई अहम राज जल्द सामने आएंगे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार चारों आरोपियों के खिलाफ साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, क्षेत्र में चर्चा है कि इस हत्याकांड की पूरी साजिश, हत्या की वजह और अन्य संभावित कड़ियां भी जल्द उजागर हो सकती हैं।

गिरफ्तारी अभियान में प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमित कुमार, उपनिरीक्षक सचिन त्यागी, हेड कांस्टेबल विपिन कुमार तथा कांस्टेबल नितिन राणा की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

error: Content is protected !!