
घर बनाने के लिए जोड़े थे रुपये, जुए की लत में पति 1.30 लाख लेकर फरार!
* विरोध करने पर पत्नी से मारपीट का आरोप, पीड़िता ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
*
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला कस्बे में एक महिला ने अपने पति पर जुआ खेलने की लत के चलते घर में रखी करीब 1 लाख 30 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार होने का गंभीर आरोप लगाया है। महिला का कहना है कि जब उसने पति की इस आदत का विरोध किया तो उसके साथ मारपीट की गई। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई, रुपये वापस दिलाने तथा अपनी सुरक्षा की मांग की है।
जानकारी के अनुसार पीड़िता सलमा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने मकान के निर्माण के लिए लंबे समय से मेहनत कर करीब 1.30 लाख रुपये जोड़ रही थी। यह रकम उसने घर में सुरक्षित रखी हुई थी ताकि समय आने पर निर्माण कार्य में उसका उपयोग किया जा सके।
पीड़िता का आरोप है कि उसका पति लंबे समय से जुआ खेलने का आदी है। वह कई बार उसे इस आदत को छोड़ने के लिए समझा चुकी थी, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। जब उसने दोबारा इसका विरोध किया तो आरोपी पति ने गुस्से में आकर उसके साथ मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गई।
महिला का कहना है कि मारपीट के बाद आरोपी घर में रखी पूरी नकदी लेकर फरार हो गया। घटना के बाद से वह काफी डरी हुई है और उसे अपनी सुरक्षा की भी चिंता सता रही है। उसने पुलिस से आरोपी की जल्द गिरफ्तारी, चोरी गई रकम की बरामदगी और न्याय दिलाने की मांग की है।
पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर सभी तथ्यों की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह ने बताया कि महिला की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।