टक्कर मारकर फरार हुआ अज्ञात वाहन, घायल युवक अस्पताल भर्ती

 

* अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक गंभीर घायल, 108 एंबुलेंस और पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। कस्बे के दिल्ली बस स्टैंड पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस और कांधला पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची तथा घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कांधला में भर्ती कराया गया।

जानकारी के अनुसार, 108 एंबुलेंस के पायलट कमल कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और प्राथमिक उपचार देते हुए घायल को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और हादसे की जानकारी जुटानी शुरू कर दी।

अस्पताल में चिकित्सकों ने घायल का उपचार शुरू किया। घायल युवक की पहचान कस्बे के मोहल्ला शराफज़ादगान निवासी अधिवक्ता के पुत्र इरशाद के रूप में हुई है। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

108 एंबुलेंस के पायलट कमल कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घायल युवक नशे की हालत में था और अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुआ। फिलहाल चिकित्सक उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने दिल्ली बस स्टैंड क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की मांग की है।

error: Content is protected !!