मोनू हत्याकांड में इंसाफ की पुकार, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग तेज

 

 

* फरार हत्यारों की तलाश तेज! कबड्डी खिलाड़ी मोनू हत्याकांड में इंसाफ की जंग, परिजनों ने थाने पहुंचकर उठाई गिरफ्तारी की मांग

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। चर्चित कबड्डी खिलाड़ी मोनू हत्याकांड में अभी भी दो आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। मंगलवार को पीड़ित परिवार का सब्र टूट गया और परिजन स्थानीय थाने पहुंचकर थाना प्रभारी से मुलाकात करते हुए फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने परिवार को भरोसा दिलाया कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

जानकारी के अनुसार जनपद बागपत के गांव ककड़ीपुर निवासी कबड्डी खिलाड़ी मोनू की प्रेम प्रसंग के चलते गांव के ही कार्तिक ने अपने साथियों सत्यम और अर्जुन के साथ मिलकर गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने कार्तिक, ओमपाल, सत्यम और अर्जुन के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।

घटना के खुलासे के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी कार्तिक और ओमपाल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, लेकिन मामले के दो अन्य आरोपी सत्यम और अर्जुन अब भी फरार हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार में भारी नाराजगी है।

मंगलवार को मृतक के पिता सुरेंद्र अपने स्वजनों के साथ कांधला थाने पहुंचे और फरार आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की अपील की। थाना प्रभारी बच्चू सिंह ने परिजनों को आश्वस्त किया कि पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है और दोनों फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पीड़ित परिवार का कहना है कि जब तक सभी आरोपी कानून के शिकंजे में नहीं आते, तब तक उन्हें न्याय मिलने का एहसास नहीं होगा। वहीं, पुलिस का दावा है कि फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

error: Content is protected !!