कांवड़ यात्रा को लेकर कड़े इंतजाम, एसपी ने शिविर का निरीक्षण कर दिए आवश्यक निर्देश!
कैराना। श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से कस्बे के मुख्य मार्ग स्थित पब्लिक इंटर कॉलेज में कांवड़ सेवा शिविर का विधिवत शुभारंभ किया गया। भाजपा एमएलसी वीरेंद्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक शामली नरेंद्र प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर शिविर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर महाआरती का भी भव्य आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
रविवार देर शाम आयोजित कार्यक्रम में शिविर में ठहरे कांवड़ियों का स्वागत-अभिनंदन किया गया। पुलिस अधीक्षक ने स्वयं श्रद्धालुओं को भोजन वितरित किया और उनकी कुशलक्षेम पूछते हुए शिविर में उपलब्ध कराई जा रही व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने शिविर संचालकों को निर्देशित किया कि कांवड़ियों के लिए स्वच्छ पेयजल, भोजन, चिकित्सा सुविधा, विश्राम स्थल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराई जाएं।
इसके बाद एसपी नरेंद्र प्रताप सिंह ने कांवड़ यात्रा मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही, कांवड़ यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
एसपी ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध प्रभावी ढंग से लागू करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शामली पुलिस कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और यात्रा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इससे पूर्व कांवड़ सेवा समिति की ओर से भाजपा नेताओं, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को पटका पहनाकर तथा प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एसडीएम कैराना शिवाजी यादव, क्षेत्राधिकारी हेमंत कुमार, तहसीलदार अर्जुन चौहान, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सतीश कुमार सहित भाजपा नेता अनिल चौहान, गौरव चौहान, राजेश प्रधान, आशु गर्ग, एडवोकेट शगुन मित्तल, आलोक गर्ग एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
