
मनकामेश्वर धाम में शिवभक्तों का स्वागत करने को मंदिर प्रशासन अलर्ट
* पूर्वी यमुना नहर किनारे स्थित प्राचीन मंदिर में उमड़ेगी श्रद्धालुओं की भीड़, सुरक्षा और सुविधाओं के किए गए व्यापक इंतजाम
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला सावन माह के पावन अवसर पर कांधला कस्बे में पूर्वी यमुना नहर के किनारे स्थित प्राचीन मनकामेश्वर महादेव मंदिर पूरी तरह भक्तिमय वातावरण में सजकर तैयार है। मंदिर परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा, पेयजल, रोशनी तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। मंदिर प्रशासन को उम्मीद है कि इस बार भी सावन भर हजारों शिवभक्त भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करने के लिए यहां पहुंचेंगे।
मंदिर के पुजारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि मनकामेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और इसकी प्राचीन धार्मिक मान्यता दूर-दूर तक प्रसिद्ध है। सावन माह में यहां प्रतिवर्ष विशाल कांवड़ मेला लगता है, जिसमें विभिन्न जनपदों और राज्यों से बड़ी संख्या में कांवड़िए एवं श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक करने आते हैं।
उन्होंने बताया कि ऐसी मान्यता है कि जो श्रद्धालु सच्ची श्रद्धा और विश्वास के साथ भगवान मनकामेश्वर महादेव का जलाभिषेक करते हैं, उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। इसी अटूट आस्था के कारण हर वर्ष सावन में मंदिर परिसर श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहता है।
मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दर्शन, जलाभिषेक, सुरक्षा, चिकित्सा सहायता, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। प्रशासन और मंदिर समिति ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे व्यवस्था बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण एवं श्रद्धापूर्वक भगवान शिव की आराधना करें।