आरोपों से घिरा सिपाही मुख्यमंत्री हेल्पलाइन1076 तक पहुंची शिकायत

 

 

* मोबाइल पर कथित गालियां और जान से मारने की धमकी का आरोप, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज; वायरल ऑडियो के बाद पुलिस महकमे में हलचल

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला थाना एक बार फिर चर्चाओं के केंद्र में है। कस्बे के एक व्यापारी ने थाने पर तैनात एक सिपाही पर मोबाइल फोन पर कथित रूप से गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले से जुड़ी कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो कानून की रक्षा करने वालों के ऐसे व्यवहार पर क्या कार्रवाई होगी?

पीड़ित व्यापारी सचिन, निवासी मोहल्ला रायजादगान, का आरोप है कि वह दिल्ली बस स्टैंड स्थित अपनी मिठाई की दुकान बंद कर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में थाने पर तैनात एक सिपाही ने उसे रोककर कोल्ड ड्रिंक मंगवाई। व्यापारी का कहना है कि कोल्ड ड्रिंक देने के बाद जब वह वहां से जाने लगा तो सिपाही ने उसे दोबारा रोक लिया, अभद्र भाषा का प्रयोग किया और उसका मोबाइल नंबर अपने पास रख लिया।

व्यापारी का आरोप है कि कुछ देर बाद उसी नंबर से फोन आया, जिसमें कथित रूप से गंदी-गंदी गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी भी दी गई। घटना के बाद व्यापारी और उसके परिवार में भय का माहौल है। उनका कहना है कि उन्हें अपनी सुरक्षा की चिंता सता रही है।

उधर, सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कथित ऑडियो ने पूरे मामले को और अधिक गर्मा दिया है। हालांकि, ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है, लेकिन इसके वायरल होने के बाद लोगों के बीच चर्चाओं का दौर तेज है और निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।

पीड़ित व्यापारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 पर शिकायत दर्ज कर आरोपी सिपाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। अब सभी की निगाहें पुलिस विभाग पर टिकी हैं कि इस गंभीर शिकायत की जांच किस निष्पक्षता से होती है और जांच में आखिर क्या सच्चाई सामने आती है। यदि आरोप सही साबित होते हैं, तो यह मामला पुलिस की कार्यशैली पर बड़े सवाल खड़े कर सकता है।

error: Content is protected !!