
खेत में काम करते किसान पर जहरीले सांप का हमला, हालत गंभीर जिला अस्पताल रेफर
* फसल की सफाई के दौरान हुआ हादसा, कांधला सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने किया रेफर।
सादिक सिद्दीक़ी
कांधला थाना क्षेत्र के गांव इस्लामपुर घसौली में शनिवार को धान की फसल की सफाई कर रहे एक किसान को जहरीले सांप ने डस लिया। घटना के बाद खेत में अफरा-तफरी मच गई। परिजन आनन-फानन में किसान को कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
जानकारी के अनुसार गांव इस्लामपुर घसौली निवासी किसान मेहरबान खां अपने खेत में धान की फसल से खरपतवार और कूड़ा-कचरा साफ कर रहे थे। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे सांप ने अचानक उनके पैर पर हमला कर दिया। सांप के डसते ही किसान की तबीयत बिगड़ने लगी, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण खेत पर पहुंचे तथा बिना देर किए घायल किसान को कांधला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
चिकित्सा प्रभारी डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि किसान को प्राथमिक उपचार देने के बाद उसकी स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल भेजा गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उपचार जारी है।
बरसात के मौसम में खेतों और झाड़ियों में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। स्वास्थ्य विभाग ने किसानों और खेतों में काम करने वाले लोगों से सावधानी बरतने, लंबे जूते पहनने और किसी भी सर्पदंश की स्थिति में तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचने की अपील की है।