
कांवड़ यात्रा को लेकर कांधला हाई अलर्ट, नगर पालिका और पुलिस ने संभाला मोर्चा
* रंग-बिरंगी रोशनी से सजा पूरा नगर, शिवभक्तों के स्वागत में नगर पालिका और पुलिस प्रशासन ने कसी कमर
*
सादिक सिद्दीकी

कांधला श्रावण मास की पावन कांवड़ यात्रा को लेकर कांधला नगर पूरी तरह शिवमय नजर आने लगा है। नगर पालिका परिषद ने कांवड़ मार्ग को आकर्षक सजावट और विशेष प्रकाश व्यवस्था से जगमगा दिया है, वहीं पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर शिवभक्तों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।रात्रि में यात्रा करने वाले लाखों शिवभक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे कांवड़ मार्ग पर खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराया गया है। इसके साथ ही डेकोरेशन लाइटों और रंग-बिरंगी विद्युत झालरों से दिल्ली-सहारनपुर मार्ग सहित प्रमुख रास्तों को रोशन कर दिया गया है। रात के अंधेरे में अब पूरा मार्ग भक्ति और रोशनी से सराबोर दिखाई दे रहा है।
नगर पालिका का कहना है कि हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौटने वाले शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया गया है। तेज धूप के कारण अधिकांश कांवड़िये रात में यात्रा करते हैं, इसलिए विशेष रूप से रात्रिकालीन सुविधाओं पर जोर दिया गया है।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। थाना प्रभारी निरीक्षक बच्चू सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार कांवड़ मार्ग पर गश्त कर रही है। दिल्ली बस अड्डा, बुढ़ाना मार्ग, एलम कट और भारसी मोड़ जैसे प्रमुख स्थानों पर विशेष निगरानी और यातायात व्यवस्था लागू की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कांवड़ यात्रा का असर स्थानीय बाजारों में भी साफ दिखाई देने लगा है। भगवा झंडे, पूजा सामग्री, कांवड़ सजावट और धार्मिक वस्तुओं की दुकानों पर भारी भीड़ उमड़ रही है। व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों में कांवड़ यात्रा से जुड़े सामान की बिक्री में लगातार बढ़ोतरी हुई है और बाजारों में रौनक लौट आई है।
नगर पालिका अध्यक्ष नजमुल इस्लाम ने कहा कि कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन और नगर पालिका का प्रयास है कि प्रत्येक शिवभक्त बिना किसी परेशानी के अपनी आस्था की यात्रा पूरी कर सके।