नशा तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा, पुलिस खंगाल रही फॉरवर्ड-बैकवर्ड लिंक!
शामली। जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सवेरा’ अभियान के तहत शामली पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) सहारनपुर को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने 525 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ दो शातिर मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.05 करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को थाना कोतवाली शामली और एएनटीएफ सहारनपुर की टीम ने संयुक्त अभियान चलाते हुए मुनशाद पुत्र आलमदीन निवासी मोहल्ला आलखुर्द, थाना कैराना तथा मुनशाद चौहान पुत्र जिंदा हसन निवासी ग्राम लोहरीपुर माल्हीपुर, थाना कांधला को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के कब्जे से 525 ग्राम हेरोइन, एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (यूपी-19एस-8499) और तीन मोबाइल फोन (सैमसंग, रेडमी और आईफोन-13) बरामद किए गए।
बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली शामली में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान मिले सुरागों के आधार पर आरोपियों के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाले जा रहे हैं, ताकि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा किया जा सके।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी मुनशाद पुत्र आलमदीन के खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दूसरा आरोपी मुनशाद चौहान भी एनडीपीएस एक्ट के मामले में पहले से वांछित रह चुका है।
पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह ने बताया कि जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी या बिक्री की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि जनसहयोग से ही जनपद को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
