1785597083099256-0

 

प्रेम संबंध से नाराज परिजनों ने रची साजिश, गोली मारकर युवक की हत्या, रजवाहे की पटरी पर मिला युवक का शव, दो आरोपी गिरफ्तार, दो फरार!

शामली जिले के कांधला थाना क्षेत्र में हुए युवक की हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या की वजह प्रेम-प्रसंग और उससे उपजी रंजिश सामने आई है।

शनिवार सुबह नाला-ककड़ीपुर रजवाहा पटरी पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान मोनू उर्फ गुल्लू (22), निवासी ग्राम ककड़ीपुर, थाना रमाला (बागपत) के रूप में हुई। सूचना मिलते ही कांधला थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि युवक के सिर में गोली मारी गई थी, साथ ही शरीर पर चोटों के भी निशान मिले।

मृतक के पिता सुरेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज किया। पुलिस अधीक्षक एन.पी. सिंह के निर्देश पर स्वाट टीम, सर्विलांस सेल और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और संदिग्धों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने कार्तिक पुत्र योगेश और ओमपाल पुत्र देशपाल, निवासी ग्राम ककड़ीपुर (बागपत) को गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि मृतक मोनू खेतों में स्प्रे करने और मजदूरों को लाने-ले जाने का काम करता था। इसी दौरान उसका आरोपी कार्तिक के ताऊ ओमपाल की बेटी से प्रेम-प्रसंग हो गया था। इस संबंध को लेकर लड़की के परिजन नाराज थे और पहले भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हो चुका था।

पुलिस के अनुसार इसी रंजिश के चलते कार्तिक ने अपने साथियों अर्जुन और सत्यम के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने मोनू को बुलाकर गोली मार दी और शव को रजवाहे की पटरी पर फेंक दिया। वहीं, आरोपी ओमपाल को इस साजिश की जानकारी होने के बावजूद उसने घटना को छिपाए रखा।

फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों अर्जुन और सत्यम की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के प्रयास भी जारी हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

 

 

error: Content is protected !!