बदलते मौसम ने बिगाड़ी सेहत, अस्पतालों में उमड़ी मरीजों की भीड़

 

* सीएचसी कांधला में मरीजों की लंबी कतारें, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर

*

सादिक सिद्दीक़ी

 

 

कांधला कस्बे में लगातार बदलते मौसम का असर अब लोगों के स्वास्थ्य पर साफ दिखाई देने लगा है। कभी बारिश तो कभी तेज गर्मी के कारण खांसी, जुकाम, नजला और वायरल बुखार के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। हालात ऐसे हैं कि उपचार के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कांधला पहुंच रहे हैं, जिससे अस्पताल में मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।

सीएचसी कांधला के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण लोग अधिक बीमार पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में खांसी, जुकाम, नजला और वायरल संक्रमण के मरीजों की संख्या में पहले की तुलना में लगभग 15 से 20 प्रतिशत तक वृद्धि दर्ज की गई है।

उन्होंने बताया कि अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों की नियमित जांच की जा रही है और बीमारी के अनुसार निशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराई जा रही हैं। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की टीम मरीजों को समय पर उपचार देने में पूरी तत्परता के साथ जुटी हुई है।

डॉ. वीरेंद्र सिंह ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि बदलते मौसम में अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखें। पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, संतुलित आहार लें, बारिश में भीगने से बचें और सर्द-गर्म के प्रभाव से स्वयं को सुरक्षित रखें। साथ ही खांसी, जुकाम, बुखार या अन्य किसी भी स्वास्थ्य समस्या के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लेकर उचित उपचार कराएं।

error: Content is protected !!