गांव मवी-काकौर में कांवड़ मार्ग पर घटित प्रकरण को सोशल मीडिया पर बिना वजह दे रहे तूल, पुलिस-प्रशासन द्वारा की गई निष्पक्ष व पारदर्शी कार्यवाही पर नही भरोसा!
कैराना (शामली)। नेशनल हाईवे-709एडी पर गांव मवी-काकौर के सामने कांवड़ मार्ग पर घटित एक प्रकरण को लेकर क्षेत्र में अनावश्यक रूप से माहौल खराब करने की कोशिश की जा रही है। कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया के माध्यम से इस घटना को तूल देकर क्षेत्र की शांति और सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि पुलिस-प्रशासन ने मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कर स्थिति स्पष्ट कर दी है।
मंगलवार रात हरियाणा के पानीपत जनपद के गांव गोयला खुर्द निवासी धर्मवीर उर्फ एमडी रावल दंडवत कांवड़ लेकर हरिद्वार से अपने गंतव्य की ओर जा रहे थे। आरोप है कि रात करीब दस बजे जब वह मवी-काकौर के पास पहुंचे, तो सड़क किनारे एक धार्मिक स्थल के पास बैठे कुछ युवकों द्वारा कांवड़ के सामने मांस का टुकड़ा फेंका गया, जिससे उनकी कांवड़ खंडित हो गई। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और हंगामा होने लगा। सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर शांत कराया, जिसके बाद कांवड़िया आगे रवाना हो गया।
हालांकि, घटना के बाद कुछ लोग सोशल मीडिया पर इसे सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं। सहारनपुर जनपद के गंगोह क्षेत्र के एक व्यक्ति द्वारा इंस्टाग्राम पर अपलोड की गई एक वीडियो में आपत्तिजनक और भड़काऊ भाषा का प्रयोग किया गया है। वीडियो में वह समुदाय विशेष और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ विवादित बयान देते हुए कस्बे में आग लगाने तक की धमकी देता दिखाई दे रहा है। वीडियो में अन्य लोगों का समर्थन भी नजर आ रहा है, जिससे कानून-व्यवस्था के लिए खतरा उत्पन्न हो सकता है। प्रशासन से ऐसे तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की जा रही है।
इस पूरे मामले पर एसडीएम कैराना शिवाजी यादव ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने कहा कि श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा चल रही है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हाल ही में अपने कैराना दौरे के दौरान कांवड़ यात्रा में अनुशासन और मर्यादा बनाए रखने पर जोर दिया था। उन्होंने कहा था कि छोटी-छोटी बातों पर हुड़दंग और अव्यवस्था से यात्रा की पवित्रता प्रभावित होती है और इससे विरोधियों को अवसर मिलता है। उन्होंने लोगों से संयम, धैर्य और सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील की थी।
उधर, एसपी शामली नरेंद्र प्रताप सिंह ने घटना की जांच के बाद बताया कि मौके पर मिली हड्डी जमीन में पहले से दबी हुई थी, जो बारिश के कारण सतह पर आ गई थी। वहां मौजूद कुछ नाबालिग लड़कों ने उसे उठाकर सड़क पर फेंक दिया, जिससे गुजर रहे कांवड़िए को गलतफहमी हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूरे कांवड़ मार्ग की साफ-सफाई करा दी गई है और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
