कांवड़ यात्रा को लेकर कांधला तैयार, हर सड़क पर दौड़ी सफाई की टीम

 

सादिक सिद्दीक़ी

 

कांधला। श्रावण माह और कांवड़ यात्रा को लेकर कांधला नगर पालिका परिषद पूरी मुस्तैदी के साथ मैदान में उतर गई है। हजारों शिवभक्तों के सुरक्षित और सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए नगर क्षेत्र, दिल्ली-सहारनपुर हाईवे तथा बुढ़ाना मार्ग पर व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। नगर पालिका की टीमों ने दिनभर सड़कों पर उतरकर कूड़ा-कचरा, झाड़-झंखाड़ और घास की सफाई करते हुए मार्गों को दुरुस्त किया।

सफाई अभियान के दौरान सड़क किनारों पर जमा मिट्टी और गंदगी हटाने के साथ कई स्थानों पर मिट्टी डालकर रास्तों को समतल बनाया गया। अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कांवड़ यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और पूरे मार्ग पर स्वच्छता बनी रहे।

गौरतलब है कि हरिद्वार से गंगाजल लेकर हरियाणा, पंजाब, राजस्थान सहित कई राज्यों के हजारों कांवड़िए कांधला से होकर गुजरते हैं। इसी को देखते हुए प्रशासन और नगर पालिका ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। सफाई कर्मचारियों की कई टीमें लगातार अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहकर व्यवस्था को बेहतर बनाने में जुटी हुई हैं।

नगर पालिका परिषद अध्यक्ष हाजी नजमुल इस्लाम ने बताया कि कांवड़ यात्रा के समापन तक विशेष सफाई अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की सुविधा और नगर की स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। नगर पालिका का प्रयास है कि कांधला से गुजरने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण मिले।

error: Content is protected !!