
तेवड़ा में फुंका ट्रांसफार्मर, कई दिनों से बिजली गुल; ग्रामीणों ने बिजलीघर पहुंचकर जताया विरोध
मरगूब नवाज़
ककरौली। थाना ककरौली क्षेत्र के गांव तेवड़ा में रेती वाले क्षेत्र का ट्रांसफार्मर कई दिनों से फुंका पड़ा है, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि कई दिन बीत जाने के बावजूद ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया और बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित अवर अभियंता (जेई) साहन से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन न तो फोन उठाया जा रहा है और न ही समस्या का समाधान किया जा रहा है। इससे नाराज ग्रामीण सोमवार को बिजलीघर पहुंच गए और अधिकारियों से तत्काल ट्रांसफार्मर बदलने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि उनके पहुंचने पर अधिकांश अधिकारी कार्यालय में मौजूद नहीं मिले।
प्रदर्शन के दौरान भारतीय किसान यूनियन (तोमर) के जिला महासचिव इरशाद ने कहा कि यदि जल्द ट्रांसफार्मर बदलकर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो ग्रामीणों के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान वसीम बेग (महल वाले), राजा नेता जी, हसन तेवड़ा, मोनू, नदीम, जिला अध्यक्ष शमशाद कुरैशी, हसन अली, हकीम जी, शाकिर अब्बासी, अब्बास, युसूफ, मुन्ना कुरैशी, इकबाल सलमानी, सलीम कुरैशी सहित गांव के अनेक जिम्मेदार लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द समस्या का समाधान कर नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की।